इटावा में विट्ठल आश्रम परिसर स्थित काली माता मंदिर में एक दलित पुजारी ने पूजा करने से रोके जाने और मारपीट का आरोप लगाया है। पुजारी का कहना है कि इस घटना में उनकी पत्नी और 14 वर्षीय बेटे को भी चोटें आई हैं। पुजारी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित आकाश कोरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति कोरी के साथ सिद्ध पीठ टिक्सी मंदिर में साफ-सफाई का काम करते हैं। मंगलवार सुबह नौ बजे वह रोज की तरह विट्ठल आश्रम परिसर स्थित काली माता मंदिर में पूजा करने गए थे। आरोप है कि मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने उनकी जाति का हवाला देकर उन्हें पूजा से रोक दिया और जातिसूचक गालियां देने लगे।
आकाश के मुताबिक, जब उन्होंने जातिगत भेदभाव और अभद्रता का विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और उन पर हमला कर दिया। पति के साथ मारपीट होते देख ज्योति बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि उनके 14 वर्षीय बेटे को भी लात-घूंसों से मारा गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपियों ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
मंदिर परिसर में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस पीड़ित परिवार की तहरीर और बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
