बाराबंकी के नवीन मंडी परिसर में बुधवार सुबह किसानों और छोटे सब्जी व्यापारियों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया गया कि उन्हें वर्षों से चल रहे स्थान से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि बड़े व्यापारियों को वहीं कारोबार की छूट दी जा रही है। मंडी कर्मचारियों ने कहा कि प्रशासन के आदेश पर यह शिफ्टिंग की जा रही है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के नवीन मंडी परिसर में 50 से अधिक व्यापारियों और किसानों ने मंडी सचिव पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। आरोप है कि पिछले 6-7 साल से जिस जगह वे सब्जी की खरीद-बिक्री कर रहे थे, वहां से उन्हें हटाया जा रहा है और बड़े व्यापारियों को उसी स्थान पर व्यापार करने की छूट दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने सब्जी न बिकने और खराब होने की बात भी कही।

किसान हिमांशु सिंह ने बताया कि वे खीरा और लौकी लेकर आते हैं, लेकिन मंडी में जल्दी कोई आढ़ती नहीं मिलता और कहा जाता है कि यह गल्ला मंडी है, यहां सब्जी नहीं बिकेगी। किसान शिवा यादव ने कहा कि वे भिंडी और पालक लेकर आए हैं, लेकिन मंडी प्रशासन की ओर से उन्हें भगाया जा रहा है और उनकी सब्जी खराब हो रही है।

मंडी लाइसेंसी सब्जी व्यापारी अरुण कुमार ने बताया कि वे 13 साल से पटरी पर दुकान चला रहे हैं, लेकिन उन्हें दूसरी ओर जाने को कहा जा रहा है, जिससे किसान उन तक नहीं पहुंच पा रहे। व्यापारी दीपक वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ छोटे व्यापारियों को हटाया जा रहा है और कुछ को नहीं, तथा मांग की कि छोटे-बड़े का पक्षपात न किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिलाधिकारी से शिकायत के बाद भी अब तक सुनवाई नहीं हुई। मंडी कर्मचारियों ने सफाई देते हुए कहा कि प्रशासन के आदेश पर इन सब्जी व्यापारियों को शिफ्ट किया जा रहा है।