नई दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान 4 साल के देवांश उर्फ लड्डू और 35 साल के पिंटू के रूप में हुई है। घायलों का डॉ. हेडगेवार अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा बचाव दल के आने से पहले ही मलबा हटाकर लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी। बाद में दमकल, एनडीआरएफ, डीडीएमए और नगर निगम की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।

परिवार के अनुसार, दिवाली के दिन देवांश की बड़ी बहन कायरा (7) पहली मंजिल से नीचे गिर गई थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटी की देखभाल में व्यस्त माता-पिता ने देवांश और छोटी बेटी तुष्री को न्यू कोंडली में रहने वाली बुआ के पास भेज दिया था। भैया दूज पर देवांश घर लौटने की जिद करके माता-पिता के साथ वापस आ गया, जबकि तुष्री बुआ के घर पर ही रही। मंगलवार सुबह हादसे के वक्त उसके पिता कन्हैया बड़ी बेटी के साथ अस्पताल में थे, जबकि घर पर मां खुशबू और देवांश मौजूद थे। मकान गिरने से देवांश की मौत हो गई और खुशबू घायल हो गईं। देवांश का जन्मदिन 30 नवंबर को मनाने की तैयारी थी।

जांच में सामने आया है कि करीब 40 से 50 साल पुरानी यह इमारत रेलवे ट्रैक के पास थी, जहां ट्रेनों के आने-जाने से कंपन होता है। मकान मालिक ने समय-समय पर जो मरम्मत करानी थी, वह कभी नहीं कराई। अभी तक एमसीडी की ओर से मकान मालिक को कोई नोटिस नहीं मिला था। डीएम, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली अजय कुमार के अनुसार एमसीडी की डीसी से बात की गई है और कार्यवाही जरूर होगी।