महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल से रिटायर हो गए हैं और अब प्रतियोगी क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से बतौर खिलाड़ी पूरी तरह विदा हो चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मंगलवार को अपने आधिकारिक बयान में कहा कि धोनी अब टीम के मेंटोर की भूमिका निभाएंगे और चेन्नई हमेशा उनका अपना घर रहेगा। इस फ़ैसले के साथ ही उनके लंबे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर के बाद एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
धोनी के संन्यास पर भारत के अलावा पाकिस्तान और दूसरे देशों में भी चर्चा हो रही है। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ राशिद लतीफ़ ने कहा कि धोनी ने एक सफल कप्तान के तौर पर अपनी पहचान बनाई और पीली जर्सी में नंबर 7 काफ़ी मशहूर रहा है। उन्होंने कहा कि मेंटोर के तौर पर धोनी की मौजूदगी आने वाली पीढ़ी के लिए फ़ायदेमंद होगी। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने धोनी को ज़बरदस्त क्रिकेटर, ज़बरदस्त लीडर और ज़बरदस्त इंसान बताया और कहा कि ऐसे लीडर बहुत कम पैदा होते हैं।
अफ़गानिस्तान के क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने इंस्टाग्राम पर धोनी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने धोनी को खेलते देखकर क्रिकेट को समझना शुरू किया और वह उनके क्रिकेट सफ़र की सबसे बड़ी प्रेरणाओं में से एक हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने एक्स पर मेंटोर की दुनिया में धोनी का स्वागत किया।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर कहा कि धोनी ने चेन्नई को ट्रॉफ़ियों से कहीं ज्यादा दिया। पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने उम्मीद जताई कि धोनी का अनुभव और ज्ञान क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। कमेंटेटर हर्षा भोगले ने धोनी और सीएसके के रिश्ते को एक दौर का अंत बताते हुए कहा कि दोनों एक-दूसरे के लिए ही बने थे। धोनी के बचपन के कोच चंचल भट्टाचार्या ने कहा कि इस फ़ैसले से अनिश्चितता ख़त्म हो गई है।
