भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पंजाब के जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जालंधर से काशी तक निकलने वाली यह यात्रा 2500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, भक्ति, प्रेम और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। यात्रा को रवाना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उनके लिए यह दिन विशेष है, क्योंकि समरसता के भाव को लेकर यह यात्रा गुरुओं की नगरी जालंधर से शुरू हो रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि संतों और गुरुओं के आशीर्वाद से यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने में सफल होगी। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती मनाई जाएगी। यह आयोजन केवल उनके 650 वर्ष पूरे होने का उत्सव नहीं है, बल्कि उनके विचारों, मूल्यों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने छुआछूत और जाति-पाति जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और समाज में समानता, प्रेम तथा मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रेरणा देती हैं।

गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 'ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसैं, रविदास रहै प्रसन्न।' उन्होंने कहा कि यह संदेश ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को समान अवसर तथा सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि पंजाब की गुरु परंपरा हमेशा सेवा, त्याग, तपस्या, साहस और भाईचारे की भावना को मजबूत करती रही है और इसी परंपरा का संदेश लेकर यह यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से गुजरेगी।

कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के घर में खुशी और रोशनी पहुंचाने की चिंता की है। भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि राज्य में कानून का राज नहीं है तथा ऐसा कानून चल रहा है जो अरविंद केजरीवाल की जेब भरने का काम करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि पंजाब सरकार राज्य के गरीब लोगों के पैसे का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक अभियान को चलाने के लिए कर रही है और मुख्यमंत्री को केजरीवाल के लिए एटीएम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के मुद्दे पर पंजाब के लोगों को गुमराह किया गया और राज्य की युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के बजाय भटकने दिया गया।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी देश में लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देती है, लेकिन उसे आपातकाल के दौर को नहीं भूलना चाहिए, जब उसी कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब ने भी लंबे समय तक कई तरह की प्रताड़नाएं झेली हैं और जिस दिन पंजाब के लोगों को सबसे अधिक प्रताड़ित किया गया, उस दिन कांग्रेस के नेता दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्सव मना रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अभी अपने किए की सजा मिलनी बाकी है।