पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास वस्त्र महल शोरूम के चेंजिंग रूम में रविवार शाम युवती शबनम की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मंगलवार को परिजन करीब 9 घंटे तक थाने के बाहर खड़े रहे। परिवार का आरोप है कि बेटी की हत्या के बाद से वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। परिवार मुख्य आरोपी सूरज के साथ उसकी मां के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहा है। उनका आरोप है कि सूरज की मां उसे लगातार उकसाती थी।

शबनम की मां संगीता ने कहा कि बेटी की हत्या के बाद से वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस उनकी बात नहीं सुन रही। बहन पूनम के मुताबिक, परिवार के लोग मंगलवार सुबह 10 बजे से थाने के बाहर खड़े थे। मां, भाई, बहन और रिश्तेदार लगातार पुलिस से मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका सवाल है कि सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन उसे उकसाने और साथ देने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। शबनम की बड़ी बहन काजल ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने के अंदर जाने से रोक दिया। एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर कहा कि उनके कपड़ों से बदबू आ रही है।

परिवार के समर्थन में भीम आर्मी जिला नजफगढ़ के संरक्षक संदीप बागड़ी भी समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर में उस गवाह का नाम दर्ज नहीं किया गया, जिसने सबसे पहले शबनम को खून से लथपथ देखा था। उन्होंने चेतावनी दी कि परिवार को न्याय नहीं मिला तो थाने के बाहर बड़ा धरना दिया जाएगा।