भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत भारतीय समयानुसार 19 नवंबर को तड़के 3.30 बजे होगी। दोनों टीमें इस सीरीज में अपने प्रमुख खिलाड़ियों के साथ उतरेंगी। इससे पहले टी20 और वनडे सीरीज में दोनों टीमों ने कई बड़े खिलाड़ियों को आराम दिया था, ताकि वे व्यस्त कार्यक्रम से बचे रहें और टेस्ट की तैयारी कर सकें। अब दोनों टीमों के प्रमुख बल्लेबाज और गेंदबाज मैदान पर होंगे।

भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अहम साबित हो सकते हैं। उन्हें टी20 और वनडे सीरीज में शामिल नहीं किया गया था, ताकि उनका वर्कलोड सीमित रहे और वे चोटिल न हों। बुमराह किसी भी पिच पर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय टेस्ट टीम के एक्स फैक्टर माने जाते हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी विपक्षी गेंदबाजों की लय बिगाड़ देती है और कम गेंदों में मैच का रुख बदल सकती है।

रवींद्र जडेजा भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में हैं। उन्हें भी टी20 और वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन टेस्ट में उनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वे गेंद से एक छोर पर कंट्रोल रखते हैं और साझेदारियां तोड़ने में माहिर हैं। न्यूजीलैंड में उनकी उपयोगिता बल्ले के साथ भी होगी, क्योंकि वे यहां के हालात से वाकिफ हैं।

यशस्वी जायसवाल ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबलों में शुरुआत में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दमदार वापसी करते हुए बड़ी पारियां खेलीं। प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के दूसरे स्तंभ हो सकते हैं। मोहम्मद सिराज और आकाशदीप भी टीम का हिस्सा हैं, लेकिन न्यूजीलैंड की उछाल भरी पिचों पर कृष्णा की गुड लेंथ गेंदें बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा कर सकती हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था और न्यूजीलैंड ए के खिलाफ मुकाबले में 2 विकेट निकाले थे।