अजमेर जिले की तीर्थ नगरी पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। मेले के पहले दिन राजस्थानी लोक संस्कृति और विदेशी सुरों का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्राजील से आई पर्यटक सिल्विया ने प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम के साथ मंच पर मारवाड़ी गीत गाया, जिसे सुनकर देशी-विदेशी सैलानी झूम उठे।
मेले के शुभारंभ समारोह में नाथूलाल सोलंकी की टीम ने जैसे ही नगाड़ों पर थाप दी, माहौल में लोक संस्कृति की गूंज गूंजने लगी। इसी बीच सिल्विया ने सधे सुरों में पारंपरिक मारवाड़ी गीत गाकर सभी को हैरान कर दिया। एक विदेशी मेहमान के मुंह से ठेठ राजस्थानी गीत सुनकर दर्शक दंग रह गए। नगाड़ों की जोशीली धुन और सिल्विया की सुरीली आवाज के सामने देशी ही नहीं, विदेशी पर्यटक भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
सिल्विया केवल राजस्थानी संगीत की प्रशंसक नहीं हैं, बल्कि पिछले पांच साल से मारवाड़ी लोकगीत गा रही हैं। भारतीय वाद्ययंत्रों के प्रति उनकी दीवानगी के चलते उन्होंने पिछले साल नाथूलाल सोलंकी से नगाड़ा वादन की ट्रेनिंग भी ली है। सिल्विया सोलंकी को अपना गुरु मानती हैं और उनके साथ एक ही मंच पर प्रस्तुति देना अपने लिए सम्मान की बात बताती हैं।
मीडिया से बातचीत में सिल्विया ने बताया कि पुष्कर की पावन धरती पर यह उनका तीसरा दौरा है। उन्हें राजस्थान का लोक संगीत बेहद पसंद है और वे प्रसिद्ध राजस्थानी लोक गायक मामे खान के गीतों की दीवानी हैं। अपनी गायकी को और निखारने के लिए वे पिछले करीब एक साल से राजस्थानी लोकगीत सुनकर और लगातार अभ्यास करके खुद को तैयार कर रही हैं।
