यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि किसी भी यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता और कानूनी स्थिति की जांच जरूर कर लें। आयोग ने अपनी पब्लिक एडवाइजरी में यह भी चेतावनी दी है कि किसी संस्थान के विज्ञापन, वेबसाइट, ब्रोशर या सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर यह न मान लें कि वह मान्यता प्राप्त है या उसे डिग्री देने का अधिकार है।
यूजीसी ने छात्रों के लिए देश की 32 फर्जी यूनिवर्सिटीज की लिस्ट भी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, किसी यूनिवर्सिटी या शैक्षणिक संस्थान को चुनने से पहले चार चीजें जरूर चेक करनी चाहिए। इनमें पहला है कानूनी स्थापना या मान्यता, यानी यह देखना चाहिए कि संस्थान लागू कानूनों के तहत कानूनी रूप से स्थापित है या उसे मान्यता मिली है।
दूसरा, कोर्स कराने और डिग्री देने का अधिकार। उम्मीदवारों को जांचना चाहिए कि संस्थान को यूजीसी एक्ट, 1956 और अन्य लागू कानूनों के तहत संबंधित प्रोग्राम चलाने और डिग्री या योग्यता देने की कानूनी अनुमति है या नहीं। तीसरा, जरूरी मंजूरियां और अनुमतियां, यानी संस्थान को यूजीसी और अन्य संबंधित नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक मान्यता, मंजूरी या अनुमतियां मिली हैं या नहीं।
चौथा, कोर्स और पढ़ाई का तरीका। उम्मीदवारों को यह भी देखना चाहिए कि प्रोग्राम और उसे पढ़ाने का तरीका लागू नियमों के तहत मान्य है या नहीं। इसमें डिस्टेंस एजुकेशन, ऑनलाइन कोर्स, ऑफ-कैंपस सेंटर और स्टडी सेंटर शामिल हैं। यूजीसी ने जारी लिस्ट में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों की फर्जी यूनिवर्सिटीज के नाम और पते दिए हैं।
