अजमेर जिले के पुष्कर में विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले 2026 की शुरुआत मंगलवार 17 नवंबर को हुई। कार्तिक मास की गोपाष्टमी से शुरू हुआ यह 8 दिवसीय मेला 24 नवंबर तक चलेगा। मेला मैदान में सुबह 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ मेले का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु और एसपी हर्षवर्धन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी ने अपनी प्रस्तुति दी। नगाड़े की थाप के बीच विदेशी पर्यटक साल्वे ने पारंपरिक अंदाज में मारवाड़ी गीत गाया। इसके बाद राजस्थान पुलिस के घुड़सवारों ने मेला मैदान में 'हॉर्स शो' का प्रदर्शन किया। मेले के पहले दिन स्थानीय युवाओं और विदेशी पर्यटकों के बीच 'चक दे राजस्थान' फुटबॉल मुकाबला भी खेला गया, जिसमें विदेशी मेहमानों की टीम ने 5-1 से जीत दर्ज की। जिला प्रशासन की ओर से विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मेला मैदान की दीवारों पर पारंपरिक 'मांडणा बनाओ प्रतियोगिता' का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय महिलाओं और छात्राओं ने हिस्सा लिया। बेहतरीन मांडणा बनाने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

पहले दिन के समापन पर शाम को गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर भव्य दीपदान, रंगोली और महाआरती का आयोजन हुआ। जिला कलेक्टर लोक बंधु, एसपी हर्षवर्धन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विदेशी सैलानियों ने दीपदान किया। मेले के दौरान कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन घाटों पर इसी तरह महाआरती और दीपदान होगा।