मनीला में मंगलवार को आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि क्वाड भारत के लिए एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी बैठक क्वाड सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी। बैठक में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मनीला और क्वाड का पुराना और खास रिश्ता रहा है। साल 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे और इसके 10 साल बाद 2017 में भी इसी शहर में संवाद की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि आज इसी ऐतिहासिक शहर में एक बार फिर क्वाड बैठक होना एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले साल जनवरी से अब तक क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें हो चुकी हैं, जो चारों देशों की राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
क्वाड भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका का एक समूह है। इसका उद्देश्य वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना और एक खुले, स्वतंत्र, समावेशी, समृद्ध और मजबूत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को बढ़ावा देना है। क्वाड की शुरुआत 2004 में हिंद महासागर क्षेत्र में आई सुनामी के बाद हुई थी, जब भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने प्रभावित देशों तक राहत और सहायता पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय किया था। इसके बाद यह सहयोग धीरे-धीरे एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी के रूप में विकसित हुआ।
