प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला की दो दिवसीय यात्रा पूरी करके बुधवार सुबह दिल्ली वापसी की। इस दौरे के दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर समेत कई विश्व नेताओं से मुलाकात की और उन्हें पारंपरिक भारतीय कलाकृतियां और हस्तशिल्प उपहार में भेंट किए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की गोल्डन पिछवाई पेंटिंग भेंट की गई। यह पारंपरिक कपड़ा-पेंटिंग कला अपनी बारीक कारीगरी, चमकीले रंगों और विस्तृत रचना के लिए जानी जाती है। इसे महीन कपड़े पर खनिज रंगों और गोल्ड डिटेलिंग से तैयार किया जाता है, और किनारों को कमल, गाय तथा पेड़ के चित्रों से सजाया जाता है।
जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची को 'रॉयल बनारसी कतान सिल्क स्टोल' दिया गया, जिसे 'साधेली' बॉक्स में रखकर सौंपा गया। कतान सिल्क से बुना यह स्टोल बनारस की सदियों पुरानी कपड़ा कला को दर्शाता है और इसमें बारीक आकृतियां डिजाइन की गई हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की पारंपरिक जयपुर ब्लू पॉटरी भेंट की गई, जो अपनी चमकदार सफेद सतह और चमकीले कोबाल्ट-नीले डिजाइनों के लिए मशहूर है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो को चोल कालीन पारंपरिक कांसे की नटराज मूर्ति भेंट की गई। चोल राजवंश ने 9वीं से 13वीं शताब्दी के बीच शासन किया था, और ये मूर्तियां तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत तथा धातु-कला कौशल का उदाहरण मानी जाती हैं। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को पारंपरिक कश्मीरी रेशमी कालीन गिफ्ट किया गया, जिसे हाथ से बुना जाता है और इसकी बुनावट में हजारों गाठें लगाई जाती हैं। इसके डिजाइन में फूलों के पैटर्न, चिनार के पत्ते और ज्यामितीय आकृतियां शामिल होती हैं।
