प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवम्बर को बिहार आ रहे हैं। बिहार से उनका पुराना सरोकार रहा है। संघ प्रचारक और सांगठनिक पदाधिकारी के रूप में वे लंबे समय से बिहार आते रहे हैं। वे खुद कहते हैं कि संगठन में रहते हुए उन्होंने बिहार के दो आदरणीय नेताओं से मूल्यपरक राजनीति का ज्ञान पाया और उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं। ये दो नेता हैं चैनपुर के पूर्व विधायक और बक्सर के पूर्व सांसद लालमुनि चौबे तथा भभुआ के पूर्व विधायक चंद्रमौली मिश्रा। बिहार प्रवास के दौरान नरेन्द्र मोदी इन दोनों के सानिध्य में रहते थे।
चंद्रमौली मिश्रा 1969 में जनसंघ के टिकट पर भभुआ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। पिछले साल 96 वर्ष की उम्र में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्होंने महज छह हजार रुपये खर्च कर चुनाव जीता था। उस दौर में वे टमटम से प्रचार के लिए निकलते और जिस गांव में रात होती वहीं किसी ग्रामीण के दलान पर रुक जाते। बैनर-पोस्टर के लिए पैसा नहीं था, इसलिए पुरानी धोती फाड़कर उस पर दीपक की तस्वीर बनाकर गांव-गांव प्रचार करते थे। उस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के राम नारायण पांडेय से था और प्रचार के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भभुआ आई थीं। मतदान के नतीजे में इस सीट पर जनसंघ के चंद्रमौली मिश्रा को जीत मिली।
लालमुनि चौबे 1972 में पहली बार जनसंघ के टिकट पर चैनपुर (भभुआ) से विधायक चुने गए थे और 1996 से 2009 तक बक्सर से भाजपा के सांसद रहे। वे तीन बार विधायक, एक बार मंत्री और चार बार सांसद रहे। उन्हें राजनीतिक संत या फक्कड़ बाबा कहा जाता था। बड़ा नाम कमाने के बाद भी उन्होंने व्यक्तिगत संपत्ति नहीं बनाई और कोई घर भी नहीं बनाया। वे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रतिभावान छात्र थे, लेकिन उनका रहन-सहन साधारण और गंवई था। विधायक या सांसद रहते हुए वे कभी सर्किट हाउस में नहीं रुके और हमेशा किसी कार्यकर्ता या मित्र के घर पर रुकना पसंद किया।
नरेन्द्र मोदी 1995 में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बने थे। बिहार में विशेष संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के दौरान उनकी मुलाकात चंद्रमौली मिश्रा और लालमुनि चौबे से हुई थी। दोनों नेताओं की ईमानदारी और पार्टी के प्रति समर्पण से वे प्रभावित हुए थे। अप्रैल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रमौली मिश्रा को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में बक्सर से टिकट कटने पर लालमुनि चौबे नाराज हो गए थे और उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। नरेन्द्र मोदी ने उन्हें दो बार फोन कर मनाने की कोशिश की थी, लेकिन वे नहीं माने और बाद में लालकृष्ण आडवाणी को उन्हें मनाना पड़ा। इतना होने के बाद भी नरेन्द्र मोदी के मन में उनके प्रति आदर कम नहीं हुआ।
