देश में कई सरकारी और निजी बैंक अपने ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा देते हैं। इसी क्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से किसानों के लिए सेंट्रल किसान क्रेडिट कार्ड जारी किया जाता है, जो लोन योजना के अंतर्गत आता है। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्ड किसानों को खेती, पशुपालन और अन्य जरूरी कामों के लिए वित्तीय सहायता देता है। इसमें कैश क्रेडिट लिमिट 5 वर्षों के लिए मंजूर की जाती है और इस अवधि के बाद नियम के तहत कुछ प्रक्रियाओं को पूरा कर किसान इसका लाभ ले सकते हैं।

इस कार्ड का उद्देश्य फसलों की खेती, दुधारू पशुओं, मत्स्य पालन, पोल्ट्री या अन्य छोटे पशुओं के पालन-पोषण से जुड़ी कम समय की ऋण जरूरतों को पूरा करना है। इसके अलावा किसानों की उपभोग संबंधी जरूरतें पूरी करना, फसल कटाई के बाद के खर्चों और उपज की मार्केटिंग के लिए लोन उपलब्ध कराना तथा खेती के उपकरणों और अन्य संपत्तियों के रखरखाव के साथ कृषि से जुड़ी गतिविधियों के लिए कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करना भी इसमें शामिल है।

पात्रता की बात करें तो यह कार्ड उन किसानों को मिल सकता है जो जमीन के मालिक और खेती करने वाले हैं, साथ ही किरायेदार किसान, मौखिक पट्टेदार और बटाईदार किसान भी इसके लिए पात्र हैं। किसानों के स्वयं सहायता समूह या संयुक्त दायित्व समूह और किसान उत्पादक संगठन या किसान उत्पादक कंपनियों को भी यह कार्ड मिल सकता है।

कार्ड की प्रकृति अल्पकालिक परिक्रामी ऋण की है और मार्जिन शून्य रखा गया है, क्योंकि यह वित्त के पैमाने में अंतर्निहित है। प्रतिभूति के तहत फसलों, दुधारू पशुओं, मत्स्य पालन, पोल्ट्री, अन्य छोटे जुगाली करने वाले पशुओं और बैंक के वित्त से बनी अन्य संपत्तियों का दृष्टिबंधक किया जाता है। 2 लाख रुपये तक की सीमा के लिए कोई संपार्श्विक नहीं चाहिए, जबकि टाई-अप मामलों में 3 लाख रुपये तक कोई सुरक्षा आवश्यक नहीं है। 2 लाख रुपये से अधिक की सीमा पर संपार्श्विक सुरक्षा जरूरी है। ब्याज दर की बात करें तो ब्याज छूट योजना के तहत कवर किए गए अग्रवों पर 7 प्रतिशत प्रति वर्ष ब्याज है, जबकि इस योजना के तहत कवर न किए गए अग्रवों पर 3 लाख तक MCLR + 1.35, 3 लाख से अधिक और 10 लाख तक MCLR + 2.50 तथा 10 लाख से अधिक और 100 लाख तक MCLR + 3.00 ब्याज दर है।