अक्सर देखा जाता है कि सैलरी खाते में आते ही खर्च हो जाती है और बचत के लिए कुछ नहीं बचता। ऐसे में वित्तीय विशेषज्ञ सैलरी आने पर पहले बचत करने और बाद में खर्च करने की सलाह देते हैं, जिसे 'पे योरसेल्फ फर्स्ट' फॉर्मूला कहा जाता है।

एनबीटी से बात करते हुए एक्सपर्ट और पेंशन बाजार के बिजनेस हेड विश्वजीत गोयल ने बताया कि पहले की तुलना में आज लोगों में वित्तीय जागरूकता बढ़ी है, लेकिन निवेश और योजना का तरीका बदलने की जरूरत है। 'पे योरसेल्फ फर्स्ट' का सीधा अर्थ है कि सैलरी आते ही किसी खर्च में लगाने से पहले उसका एक हिस्सा अपने लिए बचा लिया जाए और बाकी राशि से खर्च किया जाए।

गोयल ने 50:30:20 फॉर्मूले पर भी बात की। उनके मुताबिक, अगर 100 रुपये की कमाई है तो 50 रुपये जरूरतों पर, 30 रुपये इच्छाओं पर और 20 रुपये बचत पर लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इसी क्रम में पहले खर्च किया जाएगा तो बचत नहीं होगी, इसलिए क्रम उलटा करना चाहिए यानी पहले बचत करें और बाद में खर्च करें।

विशेषज्ञों के अनुसार, सेविंग फर्स्ट और स्पेंडिंग लेटर की रणनीति अपनाने से बचत होने की संभावना काफी अधिक होती है। इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विशेषज्ञों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं। किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श करना चाहिए।