दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची 'द मुस्लिम 500' के 18वें सालाना संस्करण में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है। यह सूची जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज़ सेंटर प्रकाशित करता है। प्रकाशन के मुताबिक, पहला स्थान मिलने की प्रमुख वजह 7 अगस्त 2026 को हुआ मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है, जिसे 'एक पर हमला, सभी पर हमला' की नीति के तौर पर पेश किया गया है।

पांच नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है। इनमें शहबाज़ शरीफ़ और आसिम मुनीर के अलावा सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन शामिल हैं। प्रकाशन का कहना है कि इस समझौते ने क्षेत्रीय राजनीति और मुस्लिम देशों के बीच कूटनीतिक रिश्तों को प्रभावित किया है। पिछले साल शहबाज़ शरीफ़ और आसिम मुनीर टॉप 50 में नहीं थे और बिना किसी रैंकिंग के बाकी 450 लोगों की सूची में शामिल थे।

इस सूची में भारत के 22 लोगों को जगह मिली है, जिनमें धार्मिक विद्वान, राजनेता, फिल्म कलाकार, संगीतकार, कारोबारी और वैज्ञानिक शामिल हैं। भारत की ओर से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी को सबसे ऊंची रैंकिंग मिली है। वे 18वें स्थान पर हैं और टॉप 50 में शामिल इकलौते भारतीय हैं। प्रकाशन के मुताबिक, उनका प्रभाव धार्मिक नेतृत्व के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा है, और संगठन से करीब 1.2 करोड़ लोग जुड़े हैं।

भारत के बाकी 21 नामों को किसी क्रम या रैंकिंग में नहीं रखा गया है। फिल्म और संगीत की दुनिया से शाहरुख़ ख़ान, आमिर ख़ान, शबाना आज़मी और एआर रहमान को सूची में जगह मिली है; शाहरुख़ ख़ान पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं। राजनीतिक क्षेत्र से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और एआईयूडीएफ संस्थापक बदरुद्दीन अजमल का नाम है, जबकि कारोबार और परोपकार के क्षेत्र से अज़ीम प्रेमजी शामिल हैं।