मुंबई में संगठित अपराध के नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ रही है। लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी ढिल्लो, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर, प्रतिबंधित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू और शुभम लोणकर जैसे नाम अलग-अलग आपराधिक मामलों और धमकियों में सामने आ रहे हैं। हाल के दिनों में रणवीर सिंह, सलमान खान और रोहित शेट्टी जैसी फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की धमकियों, जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग और अमिताभ बच्चन व अभिषेक बच्चन को कथित धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है।

क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच से संकेत मिलता है कि इन गिरोहों का संचालन किसी एक इलाके या शहर तक सीमित नहीं है। विदेश में बैठे कथित हैंडलर, दूसरे राज्यों के युवाओं की शूटर के रूप में भर्ती, स्थानीय मददगार और डिजिटल माध्यमों से संपर्क इनके काम करने का नया तरीका बन रहे हैं। हालांकि, इन सभी गैंगस्टरों के एक साझा सिंडिकेट में शामिल होने का फिलहाल कोई पुख्ता प्रमाण नहीं है। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के बीच पहले से दरार की खबरें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में अलग-अलग गिरोहों के अपने मॉड्यूल बनाने और एक-दूसरे के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की आशंका भी जांच का विषय है।

गोल्डी ढिल्लो का असली नाम गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी राजपुरा है, जो पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा का रहने वाला है और विदेश से गैंग ऑपरेट करता है। उस पर रंगदारी, टारगेट किलिंग, अवैध हथियार तस्करी और नशीले पदार्थों के कारोबार में सक्रिय रहने का आरोप है। 2022 में फायरिंग केस में नामजद होने के बाद वह कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और अवैध रास्ते से भारत छोड़कर जर्मनी पहुंचा और यूरोप में रहते हुए ठिकाने बदलता रहा। उस पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ाव का आरोप भी लगा है। पंजाब में उसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज बताए जाते हैं। NIA ने चंडीगढ़ सेक्टर-5 फायरिंग केस (जनवरी 2024) में चार्जशीट दाखिल की और ₹10 लाख का इनाम घोषित किया, साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हुआ। 2026 में मुंबई पुलिस ने गोल्डी के दो शूटरों को गिरफ्तार किया, जिन पर एक बॉलीवुड एक्टर और दिल्ली में एक बिजनेसमैन पर हमला करने का प्लान बनाने का आरोप था। उसी साल सोशल मीडिया पर 1984 दंगों का जिक्र करते हुए अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को धमकी वाला पोस्ट करने का आरोप भी उस पर लगा।

पूर्व ATS प्रमुख केपी रघुवंशी के मुताबिक, गोल्डी ढिल्लो, लॉरेंस बिश्नोई या गुरपतवंत सिंह जैसे असामाजिक तत्वों से फिल्मी हस्तियों और मुंबईकरों को डरने की जरूरत नहीं है। मुंबई पुलिस आधुनिक तकनीक से लैस और हर चुनौती से निपटने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व वर्चुअल धमकियों से डर का माहौल बनाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश करते हैं और मुंबई में दोबारा अंडरवर्ल्ड खड़ा करने के उनके दावे हवा-हवाई हैं। वहीं, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने सितंबर 2026 में कहा था कि पुलिस की सख्त कार्रवाई के कारण शहर में संगठित अंडरवर्ल्ड गतिविधियां अब सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई की हिरासत लेकर पूछताछ की इच्छा भी जताई थी, लेकिन मौजूदा कानूनी आदेश के कारण पुलिस को इंतजार करना पड़ रहा है। रिटायर्ड एसीपी कैलाश आह्वाड ने बताया कि बॉलीवुड, बड़े कारोबारी और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र होने के कारण मुंबई रंगदारी के लिए आकर्षक लक्ष्य हो सकती है। धमकी देकर सुरक्षा का डर पैदा करना और फिर वसूली की कोशिश करना इन गिरोहों की रणनीति हो सकती है। पुलिस के सामने चुनौती केवल शूटर पकड़ने की नहीं, बल्कि विदेश में बैठे हैंडलर, फंडिंग, हथियार और स्थानीय मददगारों की पूरी कड़ी तोड़ने की है।