मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने सड़क निर्माण का एक नया मॉडल तैयार किया है, जिसमें सेलुलोस फाइबर का इस्तेमाल होगा। प्रोफेसर आशीष कुमार के निर्देशन में एमटेक की स्टूडेंट इंजीनियर नम्रता ने यह तकनीक विकसित की है। इसका उद्देश्य बरसात के दिनों में सड़कों पर जलजमाव और उससे सड़कों के टूटने की समस्या से निजात दिलाना है।

इस मॉडल में सड़क निर्माण के दौरान अलकतरा और गिट्टी के मिश्रण के बीच पानी निकलने के लिए छोटे-छोटे गैप बनाए जाएंगे। बारिश होने पर पानी सड़क की सतह पर ठहरने के बजाय इन सूक्ष्म रास्तों से बह जाएगा। पानी जमा न होने से सड़कें जल्दी खराब नहीं होंगी और उनकी मजबूती लंबे समय तक बनी रहेगी। मॉडल बिहार के उन इलाकों के लिए उपयोगी बताया गया है, जहां जलजमाव की गंभीर समस्या रहती है।

सेलुलोस फाइबर प्राकृतिक स्रोतों से मिलता है। यह मुख्य रूप से गन्ना और इस जैसे अन्य पौधों के डंठल की लुगदी से तैयार किया जाता है। प्रोफेसर आशीष कुमार ने मीडिया को बताया कि फाइबर सड़क के गैप को संतुलित कर अलकतरा की बाइंडिंग को मजबूत करता है। उनके अनुसार, इसके उपयोग से सड़क निर्माण की कुल लागत में कोई बड़ा अंतर नहीं आएगा।

इंजीनियर नम्रता ने जानकारी दी कि सेलुलोस फाइबर से तैयार सामग्री का सैंपल जांच के लिए केंद्र सरकार के सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) भेजा गया था, जहां विस्तृत अध्ययन और परीक्षण के बाद इसे पास कर दिया गया। अध्ययन में पाया गया कि फाइबर मिलाने से सड़क की मजबूती बढ़ती है और अलकतरा-गिट्टी मिश्रण को इंटरलॉक करने में आसानी होती है। राष्ट्रीय स्तर के संस्थान से मंजूरी के बाद एमआईटी प्रशासन इस मॉडल को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और राज्य सरकार के पास भेजने की तैयारी में है। इसे बिहार के पथ निर्माण विभाग को भी सौंपने पर विचार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बनने वाली सड़कों में इस तकनीक का उपयोग किया जा सके।