मंगलवार को फ़िलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के शीर्ष नेताओं का शिखर सम्मेलन हुआ, जिसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जापान की प्रधानमंत्री सनाई ताकाइची, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल हुए। दो साल में यह पहला मौका था जब क्वाड के चारों देशों के नेताओं ने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। फोटो सेशन के दौरान ट्रंप ने अपने सहयोगियों की तारीफ़ की और कहा कि तीनों नेताओं के साथ उनके लंबे समय से अच्छे निजी संबंध हैं।
पत्रकारों से बातचीत के बीच पीएम मोदी के एक टोकने की चर्चा हो रही है। ट्रंप जब पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी पीएम मोदी ने कहा- 'शैल वी गो' यानी क्या हम चलें? मीडिया ख़बरों के मुताबिक इससे पहले पोडियम पर पहुंचने पर पीएम मोदी झुककर एक मार्कर उठाते दिखे, जिसपर तिरंगा छपा था। इसी समय ट्रंप ने पीएम मोदी की पीठ थपथपाते हुए कहा- 'सेव इट' और पीएम मोदी ने उसे जेब में रख लिया। वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र सिंह रॉबिन ने एक्स पर लिखा कि आयोजकों ने नेताओं की जगह बताने के लिए देशों के नाम के बजाय उनके राष्ट्रीय झंडों का इस्तेमाल किया था और मोदी ने भारत के झंडे वाला निशान सावधानी से जेब में रखा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने यह क्लिप शेयर करते हुए लिखा, "राष्ट्र प्रथम।"
ट्रंप ने सहयोगियों के बारे में कहा कि इन लोगों और देशों के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध हैं और वे शानदार लोग तथा उनके दोस्त हैं। उन्होंने पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह बहुत टफ़ आदमी हैं, और ताकाइची के बारे में कहा कि वह शायद उनसे भी ज़्यादा टफ़ हैं। ट्रंप ने पीएम मोदी को महान नेता बताया, जिनका पूरी दुनिया में सम्मान किया जाता है। बता दें कि ट्रंप के दोबारा व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद रेसिप्रोकल टैरिफ़ को लेकर भारत के साथ संबंधों में गतिरोध की स्थिति बनी है और ट्रेड डील पर वार्ता अभी अंतिम रूप नहीं ले सकी है।
प्रेस के सामने चारों नेताओं की मौजूदगी के दौरान पीएम मोदी का चेहरा सख़्त दिखाई देने पर भी भारत में कई लोगों ने टिप्पणी की है। पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस को बाकी तीन नेताओं के लिए 'अपमानजनक' कहा। अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार ब्रह्मा चेलानी ने कहा कि इस फोटो सेशन ने क्वाड के भीतर तनाव और असमान शक्ति संतुलन को उजागर किया।
