सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज में भाजपा समर्थकों के एक समूह ने उनकी कार और काफिले पर पत्थर तथा अंडे फेंके। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई पोस्ट करके यह दावा किया और आरोप लगाया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद राज्य पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही।
मोइत्रा ने अपने पोस्ट में दावा किया कि गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में भाजपा के 80-90 समर्थक उन पर हमला करने के लिए जमा हुए थे और पुलिस को इस जमावड़े की पहले से जानकारी थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस, पुलिस महानिदेशक और कृष्णानगर पुलिस का ध्यान कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के तहत अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी की ओर दिलाया।
सांसद ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा समर्थकों के साथ मिलीभगत करते हुए अदालत के आदेश पर की गई सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उन पर हमला करने दिया। उन्होंने इसे अदालत की अवमानना का उदाहरण बताया और कहा कि पुलिस को स्थिति की पहले से जानकारी देने के बावजूद प्रदर्शनकारियों को उनके कार्यक्रम में बाधा डालने दी गई। घटनास्थल के दृश्यों में प्रदर्शनकारी काले झंडे लहराते और काफिले के गुजरने के दौरान ‘वापस जाओ’ के नारे लगाते दिखाई दिए।
इन आरोपों पर पुलिस या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
