पटना: वैशाली दौरे के दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी द्वारा कथित तौर पर धक्का देने का वीडियो सामने आने के बाद जेडीयू ने प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्या सब कुछ जानते हुए किसी ने यह गुनाह किया है? अगर ऐसा है तो यह चिंता का विषय है।

दरअसल, वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और निशांत कुमार वैशाली पहुंचे थे। इस दौरान सीएम और निशांत आगे बढ़ रहे थे, तभी सम्राट चौधरी ने इंतजार कर रहे पत्रकारों को देखकर उनकी ओर मुड़ने का प्रयास किया। इस पर सुरक्षाकर्मी ने हाथ आगे कर दिया, जिससे सीएम के पीछे चल रहे निशांत कुमार रुक गए। बाद में निशांत दूसरी साइट से घूमकर सीएम के पास पहुंचे।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने वीडियो को दुखद और पीड़ादायक बताते हुए पुलिस मुख्यालय से मामले में गंभीरता से पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और उन्हें श्रेणीवार सुरक्षा उपलब्ध है। निशांत कुमार मुख्यमंत्री के साथ गए थे, ऐसे में वहां जो कुछ हुआ, वह सबके लिए चिंता का विषय है।

वहीं, राज्य सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता अशोक चौधरी ने मामले को गलत बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जैसा चलाया गया, वैसा नहीं हुआ। निशांत पीछे से आए थे, इसलिए सुरक्षाकर्मी उन्हें देख नहीं पाया। सुरक्षाकर्मी की भावना गलत नहीं थी और वह केवल प्रोटोकॉल का पालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि इस मामले को सोशल मीडिया के जरिए तूल दिया जा रहा है।