लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नायिका वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर उन्हें याद किया। उन्होंने वादा किया कि सरकार में आने पर लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर रानी लक्ष्मीबाई की 'स्वर्ण तलवार वाली स्वर्णिम प्रतिमा' लगवाई जाएगी, जिससे उन्हें मानने वाले लोगों को सही सम्मान मिल सके। अखिलेश ने एक बार फिर दोहराया कि हम सरकार में आएंगे।

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नायिका, महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि सरकार में आने पर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जी की 'स्वर्ण तलवार वाली स्वर्णिम प्रतिमा' लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर लगवाकर उनका मान बढ़ाया जाएगा और उनका अनुनयन करनेवालों को सही सम्मान-स्थान दिलाया जाएगा।

रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान और वीरता का प्रतीक मानी जाती हैं। वह यूपी की राजनीति में झांसी (बुंदेलखंड) में सियासी केंद्र भी रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश के इस नए सियासी वादे को महिला और ब्राह्मण वोट बैंक को साधने से भी जोड़ा जा रहा है।

झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को एक मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ था और उनका बचपन का नाम मणिकर्णिका तांबे था। प्यार से लोग उन्हें मनु कहते थे। उन्होंने 1857 के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में ब्रिटिश शासन के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। 1842 में उनका विवाह झांसी के राजा गंगाधर राव नेवालकर से हुआ, जिसके बाद उन्हें लक्ष्मीबाई नाम मिला। 1858 में सर ह्यू रोज के नेतृत्व में ब्रिटिश सेना ने झांसी के किले को घेरा, तो रानी ने अपने दत्तक पुत्र को पीठ पर बांधकर युद्ध किया। 18 जून 1858 को कोटा-की-सराय के पास अंग्रेजों से लड़ते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुईं।