शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 1918 मामले दर्ज हुए, जिनमें से केवल 86 मामलों में दोषियों को सजा मिली। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में बीजेपी विधायक जीत राम कटवाल के सवाल के जवाब में दी। सरकार के जवाब के अनुसार, 1 नवंबर 2026 तक दर्ज इन मामलों में 1386 रेप, 499 छेड़छाड़ और 33 घरेलू हिंसा के मामले शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, रेप और छेड़छाड़ दोनों में मंडी जिला सबसे आगे रहा। रेप के सबसे ज्यादा 205 मामले मंडी में दर्ज हुए, इसके बाद शिमला में 182, सिरमौर में 181, कांगड़ा में 140 और चंबा में 118 मामले सामने आए। छेड़छाड़ के मामलों में भी मंडी 92 केस के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि कांगड़ा में 69, बिलासपुर में 52, शिमला में 38 और सिरमौर में 34 मामले दर्ज किए गए।
इस अवधि में घरेलू हिंसा से जुड़ी 19526 शिकायतें भी मिलीं। इनमें से पुलिस ने 9144 शिकायतों का निपटारा किया, जबकि 10382 शिकायतें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को भेजी गईं। घरेलू हिंसा की शिकायतों में भी मंडी सबसे आगे रहा, जहां 2896 शिकायतें मिलीं। शिमला में 2647, हमीरपुर में 2054, ऊना में 1950, सोलन में 1854 और कुल्लू में 1350 शिकायतें सामने आईं।
