गुवाहाटी। असम के शिवसागर स्थित बोगिडोले हाईस्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र कृष्ण हजारिका ने स्कूल में मिली वोकेशनल ट्रेनिंग के बाद महज 500 रुपये का निवेश करके मशरूम की खेती शुरू की और इससे तीन हजार रुपये की कमाई की। आमतौर पर छात्र स्कूल में अपनी नियमित पढ़ाई के हिस्से के रूप में वोकेशनल ट्रेनिंग कोर्स में हिस्सा लेते हैं, लेकिन कृष्णा ने इस ट्रेनिंग सेशन को कमाई के एक जरिए में बदल दिया।
नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कृष्णा ने 'अक्षर फाउंडेशन' की ओर से आयोजित वोकेशनल ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया, जिसमें उसने मशरूम की खेती के बारे में सीखा। इसके बाद उसने घर पर ही इस कौशल को आजमाने का फैसला किया और अपने माता-पिता से इस बारे में बात की, जिन्होंने उसे ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित किया। 'अक्षर फाउंडेशन' के अनुसार, कृष्णा ने मशरूम की खेती में लगभग 500 रुपये का निवेश किया और मशरूम उगाने के लिए 40 थैली तैयार की। इस तरह उसने मार्च 2026 तक लगभग 12 किलो मशरूम की पैदावार हासिल की, जिसे स्थानीय बाजार में बेचकर उसे कुल 3,000 रुपये की कमाई हुई।
फाउंडेशन के अनुसार, कृष्णा एक ऐसे परिवार से आता है जिसमें चार सदस्य हैं और जो गरीबी रेखा के नीचे रहते हैं। उसके पिता बढ़ई का काम करते हैं और परिवार का खर्च काफी हद तक उनकी दिहाड़ी पर ही निर्भर है। ऐसे हालात में थोड़ी सी अतिरिक्त कमाई भी बड़ा बदलाव ला सकती है। कृष्णा का मशरूम उगाने का काम सिर्फ एक प्रयोग नहीं था, बल्कि यह उसके लिए अपने परिवार की आय में योगदान देने का एक मौका बन गया।
असम सरकार के कृषि विभाग के अनुसार, 'ऑयस्टर मशरूम' की खेती राज्य की जलवायु परिस्थितियों के लिए विशेष रूप से उपयुक्त है और राज्य में साल के कई महीनों तक इसकी खेती की जा सकती है। मशरूम की खेती के लिए बड़ी कृषि भूमि की आवश्यकता नहीं होती और धान के पुआल जैसे कृषि अवशेषों का उपयोग करके कम जगह में इसे उगाया जा सकता है। कृष्णा का अनुभव 'अक्षर फाउंडेशन' के काम की ओर भी ध्यान खींचता है, जो असम के स्कूलों में व्यावहारिक और कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का काम कर रही है।
