श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह आतंकवाद-रोधी अभियान शुरू किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके को घेर लिया है। कश्मीर जोन पुलिस ने अपने एक्स अकाउंट पर बताया कि कुलगाम में आतंकवादियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।
इससे एक दिन पहले सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए थे। पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकवादियों में कमांडर लतीफ अहमद भट भी शामिल था। यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई थी जब 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के जिम्मेदार आतंकवादियों की तलाश के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी कि सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार डार लश्कर-ए-तैयबा कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 10 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर हमले से पहले कई जगहों की रेकी कर चुका था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से शेयर किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और उन पर हमले की योजना बनाने के लिए मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में रेकी की थी। 11 नवंबर को उमर निसार डार ने लतीफ भट के साथ मिलकर अखरान में सीआरपीएफ के एक नाके पर हमला किया और फिर वहां से भाग गया। 10 और 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने पाया कि दोनों आतंकवादी कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे।
