महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण को महान दानवीरों में गिना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अंग देश के राजा कर्ण हर सुबह गंगा स्नान और सूर्य उपासना के बाद सवा मन सोना, यानी लगभग 50 किलो सोना, दान किया करते थे। कहा जाता है कि वे किसी याचक को खाली हाथ नहीं लौटाते थे और बिना किसी भेदभाव के दान करते थे। कर्ण ने अपने दिव्य कवच-कुंडल भी इंद्र देव को दान कर दिए थे, जबकि वे जानते थे कि ब्राह्मण के वेश में इंद्र ही हैं। इसी दानवीरता से प्रसन्न होकर इंद्रदेव ने उन्हें अमोघ शक्ति प्रदान की थी।
अब सवाल यह उठता है कि कर्ण के पास हर दिन इतना सोना आता कहां से था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसका सीधा संबंध बिहार के ऐतिहासिक शहर मुंगेर से है। महाभारत काल में मुंगेर और भागलपुर के आसपास का क्षेत्र अंग प्रदेश के नाम से जाना जाता था, और दुर्योधन ने कर्ण को यहां का राजा बनाया था।
मुंगेर में गंगा नदी के तट पर मां चंडिका का प्रसिद्ध मंदिर है, जो 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। मान्यता है कि यहीं माता सती की बाईं आंख गिरी थी। पौराणिक कथाओं के अनुसार, अंगराज कर्ण मां चंडिका के परम उपासक थे और हर दिन ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान कर माता की विशेष आराधना करते थे। कहा जाता है कि कर्ण की अटूट भक्ति और सेवा से प्रसन्न होकर स्वयं मां चंडिका उन्हें प्रतिदिन वरदान स्वरूप सवा मन सोना प्रदान करती थीं, जिसे कर्ण लोगों में दान कर देते थे। मान्यता के अनुसार आज की कीमत में यह सोना लगभग 68 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है।
इस लेख में दी गई जानकारी पौराणिक कथाओं, लोक मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। इसकी ऐतिहासिक या वैज्ञानिक प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की गई है।
