हैदराब्दा में आयोजित 'भारत समिट' कार्यक्रम में इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने "वोट चोर, गद्दी छोड़" का नारा लगाया। यह बयान 14 नवंबर 2026 को आया, जब कार्यक्रम में राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे। तेलंगाना राज्य सरकार और 'समृद्ध भारत फाउंडेशन' द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन (13-14 नवंबर) का थीम 'भारत समिट- फोर्जिंग ए न्यू वर्ल्ड' था।

फिलिबेक ने अपने भाषण में कहा कि राहुल गांधी 'एक आदमी, एक वोट' के सिद्धांत का समर्थन करते हैं और स्पष्ट व पारदर्शी वोटर लिस्ट के उनके अभियान से जुड़े हज़ारों लोग लोकतंत्र की रक्षा करते हैं। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र पर बात करते हुए "वोट चोर, गद्दी छोड़" कहा और मंच से इसका अंग्रेज़ी अनुवाद "Vote Thief, Leave Your Seat" भी किया। कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर मौजूद वीडियो में दिख रहा है कि उस वक़्त राहुल गांधी और अन्य लोग मुस्कुरा रहे थे। फिलिबेक ने भाषण में बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर का ज़िक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र का मतलब केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि अधिकार, संस्थाओं और हर किसी के सम्मान के लिए है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध और इसराइल-फ़लस्तीन के हालात का भी ज़िक्र किया।

बीजेपी ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हैं और इस कार्यक्रम को 'एंटी भारत समिट' कहना उचित होगा। उन्होंने कहा कि जियाकोमो फिलिबेक को यह मंच दिया गया और उन्होंने भारतीय जनादेश को चुनौती देते हुए यह बात कही, जबकि राहुल गांधी ने उन्हें रोका नहीं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, "क्या आपने कभी किसी को उस वक़्त हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है?" लेखक और एक्टिविस्ट दर्शन मोंडकर ने रिजिजू का पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि भारत का अपमान नहीं हुआ, अपमान 'वोट चोरों' का हुआ है।

आयोजकों के मुताबिक़, भारत सहित 70 से अधिक देशों के एक हज़ार से ज़्यादा प्रतिनिधियों को हैदराबाद के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। नॉर्वे की पत्रकार हेला लिंग को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन अंतिम समय में उनका वीज़ा रद्द कर दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि केवल हेला लिंग ही नहीं, बल्कि लगभग 116 विदेशी प्रतिनिधियों को भी अनुमति नहीं दी गई। राहुल गांधी ने कहा कि वे उन लोगों से माफ़ी मांगते हैं, जिन्हें इस कार्यक्रम में आना था, लेकिन भारत सरकार ने नहीं आने दिया।