लोहरदगा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन के मंच से आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने निशा भगत मौत मामले को उठाया और आदिवासी समाज की पहचान व अधिकारों के लिए बलिदान देने पर तीखे सवाल किए। अपने संबोधन का वीडियो क्लिप उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर भी साझा किया।
अपने संबोधन में निशा उरांव ने आरोप लगाया कि निशा भगत को लगातार मानसिक प्रताड़ना देकर उनकी हत्या की गई। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आज जिंदा होते तो पूछते कि माटी और धर्म की रक्षा के लिए बलिदान देने के बाद समाज के और कितने भाई-बहनों को बलिदान देना पड़ेगा और कब तक देना पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या निशा भगत की आवाज हमेशा के लिए बंद कर दी गई, या अब सैकड़ों निशा भगत जैसे भाई-बहन अपने अधिकार की मांग करेंगे। निशा उरांव भारतीय राजस्व सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं और आदिवासी समाज, सरना धर्म तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं।
निशा भगत मौत मामला झारखंड के आदिवासी समाज और सामाजिक संगठनों के बीच न्याय की मांग को लेकर चर्चा में है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि अपनी पहचान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया गया। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग विभिन्न मंचों से उठ रही है। 6 नवंबर को निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। 7 नवंबर को अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई थी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 14 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 में मामला दोबारा दर्ज किया। सीबीआई की टीम रांची में कैंप कर घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन कर रही है और घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले जब निशा भगत फेसबुक लाइव पर थीं, तब वो कमरे में पूरी तरह अकेली थीं और पंखे से फंदा लगाते वक्त भी उनका मोबाइल लाइव मोड में था।
