नई दिल्ली। भाई दूज मनाने हरिद्वार गए एक परिवार के घर के ताले तोड़कर चोरों ने दिनदहाड़े करीब 50 लाख रुपये की जूलरी और कैश चोरी कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने में आरोपियों को महज 15 से 20 मिनट का वक्त लगा। परिवार की शिकायत पर सब्जी मंडी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, परिवार 11 नवंबर को भाई दूज मनाने के लिए हरिद्वार गया था। चोरों ने मुख्य गेट पर लगे दोनों ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी और उसके लॉकर के ताले तोड़े और सोने, चांदी और हीरे की जूलरी के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए। परिवार जब वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी और लॉकर की जांच करने पर गहने और कैश चोरी होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चोरों की तलाश कर रही है। आसपास रहने वाले लोगों और इलाके में आने-जाने वाले संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरों को परिवार के हरिद्वार जाने की जानकारी कैसे मिली। वारदात के समय घर के आसपास किसी संदिग्ध की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की टाइमलाइन भी खंगाली जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी करने वाले आरोपियों ने पहले घर की रेकी तो नहीं की थी। फिलहाल आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।