अशोकनगर से 58 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा, जिसमें 50 विद्यार्थी, 5 अधिकारी और 3 जनप्रतिनिधि शामिल थे। यह शैक्षणिक भ्रमण केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र गुना के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई पहल के तहत आयोजित किया गया। दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान सदन, इंडिया गेट और प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण किया।
संचार भवन स्थित दूरसंचार मंत्रालय पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और उन्हें मीटिंग हॉल में बैठाया गया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया औपचारिक मुलाकात के बजाय विद्यार्थियों के बीच जाकर बैठे और उनसे संवाद किया। उन्होंने छात्रों से पूछा कि दिल्ली कैसी लगी, संविधान सदन और इंडिया गेट देखकर कैसा महसूस हुआ तथा इस यात्रा से उन्हें क्या सीखने को मिला। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ अपने अनुभव साझा किए।
बातचीत के दौरान एक छात्रा ने दिल्ली भ्रमण का अनुभव शायरी के अंदाज में सुनाया। विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्यों और करियर से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। सिंधिया ने उनकी रुचियों और आगे की योजनाओं को जानने में दिलचस्पी दिखाई।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की संस्थाओं और उनके कामकाज से परिचित कराना तथा भविष्य के लिए प्रेरित करना है। गुना लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण केवल दिल्ली घूमने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें संसद, राष्ट्रीय स्मारकों और मंत्रालय को करीब से देखने के साथ केंद्रीय मंत्री से सीधे संवाद का अवसर भी मिला।
