गाजियाबाद के मोहम्मद जुनैद मालिक की छोटी बहन का निधन हो गया है। जुनैद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बहन लंबे समय से बीमार थीं और कल रात लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। जुनैद ने सभी से उनके लिए दुआ करने का अनुरोध किया है।

जुनैद मूल रूप से गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार में माता-पिता, दादी और कुल आठ भाई-बहन हैं। उनके पिता मुख्य रूप से खेती-किसानी और डेयरी का काम करते हैं। जुनैद आठ भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। परिवार में उनका एक छोटा भाई और छह बहनें हैं। उनकी सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और उनकी ससुराल मेरठ में है।

जुलाई 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान जुनैद सुर्खियों में आए थे। प्रदर्शन के दौरान वे प्रदर्शनकारियों को मुफ्त भोजन और पानी उपलब्ध कराते नजर आए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर वे काफी वायरल हुए थे। जुनैद ने एक माह तक छात्रों को मुफ्त में बिरयानी, पानी और दवाइयां उपलब्ध कराई थीं। इसके बाद पुलिस ने फंडिंग को लेकर उनसे पूछताछ की थी और गाजियाबाद में उनके घर भी पहुंची थी, जहां परिवार और बहनों से इस बारे में पूछताछ की गई थी। जुनैद ने इस मामले को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए थे।

जुनैद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 11 लाख फॉलोवर हैं। वे हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। प्रोटेस्ट के बाद से चर्चा में आए जुनैद की राजनीतिक दलों के नेताओं और सीजेपी के साथ कई मुलाकातों की तस्वीरें भी उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा हैं। वे सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आते हैं।