प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के मंच से बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि कुंडा की व्यासपीठ और उत्तर प्रदेश की धरती से वे कह रहे हैं कि उनकी नजर में यादव और माधव दो नहीं, एक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी नजर में सभी हिंदू एक हैं। कथा के मंच पर उनके इस प्रवचन पर खूब तालियां बजीं।
शास्त्री ने ऐलान किया कि वे बहुत जल्दी ठाकुर जी के धाम वृंदावन जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वहां वे इसलिए जाएंगे कि अगर किसी को क्षोभ हुआ हो तो वे ठाकुर जी से प्रार्थना करेंगे कि उन सबको ठीक मति देना।
कुंडा के मंच से धीरेंद्र शास्त्री ने मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि मथुरा जन्मभूमि पर औरंगजेब का जो कलंक लगा हुआ है, उसे पोछने का समय आ गया है। उन्होंने मौजूद हिंदुओं से मथुरा की ओर चलने की अपील की।
शास्त्री ने कहा कि रामलला अपने धाम में बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खूब गालियां दी जा सकती हैं और उनके पुतले जला दिए जा सकते हैं, लेकिन उनके साथ मथुरा चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने वृंदावन पदयात्रा इसलिए की ताकि ठाकुर जी भव्य मंदिर में विराजमान हों, जैसे रामलला बैठ गए, वैसे ही श्यामलला विराजमान हो जाएं।
