नई दिल्ली: दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुए करीब 43.32 लाख वोटर्स को फाइनल लिस्ट में नाम शामिल कराने का एक और मौका मिला है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया है। मंगलवार से ऐसे वोटर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने और भरे हुए फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। जमा हुए फॉर्मों का निपटारा 10 दिसंबर तक किया जाएगा और फाइनल वोटर लिस्ट 22 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

CEO कार्यालय के अनुसार, जिन वोटर्स ने नाम शामिल कराने के लिए पहले ही फॉर्म-6 भर दिया है, उन्हें दोबारा एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की जरूरत नहीं है। उनके फॉर्म-6 पर चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक कार्रवाई होगी। जिन बेघर लोगों के पास पते का कोई दस्तावेज नहीं है, उनके मामले में BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के तौर पर स्वीकार किया जाएगा। अभियान के तहत नाम दोबारा जुड़ने पर मतदाताओं को पहले वाला ही EPIC नंबर दिया जाएगा।

यह मौका उन वोटर्स को दिया जा रहा है, जिन्हें 30 जून से 17 अगस्त तक चले एन्यूमरेशन चरण में फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन 31 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनके नाम शामिल नहीं हो सके। ऐसे वोटर्स को ASDD (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड और डुप्लीकेट) श्रेणी में रखा गया था। ड्राफ्ट लिस्ट में दिल्ली के कुल 1.45 करोड़ वोटर्स में से करीब 47.5 लाख नाम हटाए गए थे, जिनमें 43.32 लाख शिफ्टेड, 2.82 लाख मृत और 1.45 लाख ऐसे मतदाता थे, जिनके नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज थे।

CEO कार्यालय ने बताया कि शिफ्टेड चिह्नित वोटर्स, जो अब भी उसी एड्रेस पर रह रहे हैं, उन्हें भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म और एनेक्सचर-बी जमा करना होगा, जिसमें यह बताना होगा कि वे पहले एन्यूमरेशन फॉर्म क्यों नहीं भर सके थे। दिल्ली के भीतर एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट हुए वोटर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ एनेक्सचर-सी भरकर नया एड्रेस और विधानसभा क्षेत्र बताना होगा। ऐसे वोटर्स को एड्रेस बदलने के लिए अलग से फॉर्म-8 भरने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें नए एड्रेस के प्रमाण के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ERO या AERO के पास फॉर्म जमा करना होगा और वे नए क्षेत्र के BLO से भी मदद ले सकते हैं।

भरे हुए फॉर्म वोटर संबंधित BLO, ERO या AERO को दे सकते हैं। ECINet ऐप के जरिए ऑनलाइन फॉर्म जमा करने की सुविधा भी है। खाली एन्यूमरेशन फॉर्म और उसके एनेक्सचर चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINet ऐप से पुराने EPIC नंबर के जरिए डाउनलोड किए जा सकते हैं। BLO से फॉर्म की हार्ड कॉपी ली जा सकती है और BLO फॉर्म WhatsApp, SMS या ईमेल के जरिए भी उपलब्ध करा सकते हैं।