आस्था कुंज पार्क में नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए तीन महीने की कार्ययोजना तैयार की है। अधिकारियों के अनुसार यह कदम दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के विरोध प्रदर्शन और 24 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली पुलिस मुख्यालय दौरे पर दिए गए निर्देशों के बाद उठाया गया है। इस रणनीति का मकसद सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, यातायात केंद्रों और महिला हॉस्टलों के आसपास सुरक्षा मजबूत करना और अपराधों पर लगाम लगाना है।
योजना के तहत बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि शहर के असुरक्षित हिस्सों को सुरक्षित बनाया जा सके। अब तक 1,635 सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा हो चुका है और वहां 6,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
इसके अलावा शहर में 19,822 डार्क स्पॉट्स यानी अंधेरे वाले स्थानों की पहचान की गई है, जहां कैमरे लगाने का काम जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 503 बड़े पार्कों में विशेष गेट और बाहर पीसीआर वैन तैनात की गई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक सभी पार्कों की बाउंड्री वॉल और फेंसिंग का काम 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
