नई दिल्ली: दिल्ली के व्यस्त बाजारों में बेतरतीब पार्किंग और वाहनों के जाम से बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने सख्ती बरतने का फैसला किया है। कमीशन ने सरोजिनी नगर, सदर बाजार और लाला लाजपत राय मार्केट समेत कई व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम पर गंभीर चिंता जताई है। कमीशन के मुताबिक, वाहनों के दबाव और जाम से हवा की गुणवत्ता भी खराब हो रही है।

CAQM चेयरपर्सन राजेश वर्मा ने सरकार, पुलिस, MCD और NDMC समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर युद्धस्तर पर सुधार के निर्देश दिए हैं। इन बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए सरफेस पार्किंग चार्ज को तर्कसंगत बनाने पर विचार होगा, ताकि वाहनों और जाम को कम किया जा सके।

NDMC, दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड और MCD को बाजारों और सड़कों की रोजाना सुबह सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। कूड़ा और बायोमास जलाने पर पूरी तरह रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे बाजारों में दिनभर उड़ने वाली धूल और गंदगी कम हो सके।

कमीशन ने पेट्रोल पंपों पर 'नो PUC, नो फ्यूल' आदेश लागू कराने के लिए जांच के निर्देश दिए हैं। यानी वैध PUC नहीं होने पर वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। इस नियम का सख्ती से पालन कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।