नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक शिकायतकर्ता से पुलिस केस में राहत दिलाने और उसे तथा उसके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार न होने देने के बदले 70,000 रुपए की रिश्वत ली।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी की पहचान रविंदर कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली के भलस्वा डेयरी पुलिस स्टेशन में एएसआई के पद पर तैनात है। एजेंसी ने शिकायत मिलने के बाद उसी दिन आरोपी के खिलाफ रिश्वत लेने का मामला दर्ज किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एएसआई ने भलस्वा डेयरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में राहत देने और शिकायतकर्ता तथा उसके परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी रोकने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जांच के दौरान सीबीआई ने पाया कि आरोपी ने 2 लाख रुपए की मांग की थी और बाद में जांच में मदद के बदले पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपए लेने पर सहमति जताई।
इसकी पुष्टि के बाद सीबीआई ने मंगलवार को आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई को शिकायतकर्ता से तय रिश्वत की रकम के हिस्से के रूप में 70,000 रुपए मांगते और लेते हुए पकड़ा गया। सीबीआई ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और जाल में दी गई रकम बरामद कर ली।
केंद्रीय एजेंसी अब मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि रिश्वतखोरी से जुड़ी सभी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके और यह देखा जा सके कि इसमें कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। राष्ट्रीय राजधानी में किसी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार का यह एक और मामला सामने आया है।
