दरभंगा के केवटी थाना में पदस्थापित एक दारोगा नीतीश कुमार पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर नौ महीने तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
महिला थानाध्यक्ष के अनुसार पीड़िता के आवेदन पर दारोगा नीतीश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और पीड़िता का मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया चल रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिकी में युवती ने आरोप लगाया है कि शारीरिक संबंध बनाते समय आरोपी दारोगा ने उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना ली थी। शादी करने से इंकार करने पर वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। पीड़िता के मुताबिक विरोध जताने पर आरोपी गाली-गलौज भी करता था। बताया जाता है कि आरोपी दारोगा की शादी कहीं और तय हो चुकी है और इसी महीने उसकी सगाई होनी है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी दारोगा पहले कमतौल थाना में पदस्थापित था। उस दौरान गांव में गश्ती के दौरान उससे जान-पहचान हुई, जो आगे चली। पुलिस के मुताबिक दोस्ती के बाद दारोगा ने युवती से अपने प्यार का इजहार किया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया। युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, जिसके बाद आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया।
