उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अकसी बड़हरा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई के घायल होने की बात कही जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने का भी दावा किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर मृतकों की संख्या को लेकर पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, उतरौला-बलरामपुर रोड पर देर रात दो बाइक पर सात लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि पहले तीन मृतकों की जानकारी सामने आई थी। अस्पताल पहुंचने तक दो अन्य घायलों के दम तोड़ने की बात कही जा रही है। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।

उतरौला के इस हादसे में दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, दूसरे घायल को परिजन अपनी इच्छा से अपने साथ ले गए हैं और उसका इलाज किसी निजी अस्पताल में कराने की बात कर रहे हैं।