झारखंड के चतरा जिले में एनटीपीसी की एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा परियोजना (टंडवा) के सीएचपी जेएच-1 स्थल पर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट टूटकर गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कई कर्मचारी जमीन से करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे थे, तभी अचानक कन्वेयर बेल्ट टूटकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की और बताया कि निर्माण कार्य एनटीपीसी की ओर से नियुक्त एक आउटसोर्स कंपनी से कराया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निर्माण के दौरान स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण बेल्ट टूटा, हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का आधिकारिक तौर पर अभी पता नहीं चल पाया है।

एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा (टंडवा) के जन संपर्क अधिकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर कार्य के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मृत्यु हुई और दो श्रमिक घायल हुए। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी परिवार इस घटना से अत्यंत शोकाकुल है और सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। घायलों का उचित उपचार किया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है; जांच के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है और उनकी गहरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

कन्वेयर बेल्ट भारी सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाली मशीन है। यह मजबूत रबर या मेटल से बनी लगातार घूमने वाली लंबी पट्टी होती है, जो बिजली की मोटर और रोलर्स की मदद से बिना रुके आगे बढ़ती है। खदानों, बिजली संयंत्रों और कारखानों में कोयला या कच्चा माल ढोने में इसका इस्तेमाल होता है।