बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बुधवार दोपहर कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में करीब आठ हथियारबंद बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बेतिया सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लूट करीब 12:30 बजे हुई, जब बदमाश दुकान में घुसकर लूटपाट करने लगे। बदाशों के साथ हाथापाई में एक सुरक्षा गार्ड को मामूली चोट आई, हालांकि गोली लगने से कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाश बिना चेहरा ढके शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। करीब 20 मिनट तक लूटपाट करने के बाद वे आभूषण लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने दो ग्राहकों के मोबाइल फोन तोड़ दिए, सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और काउंटरों में तोड़फोड़ की। एसडीपीओ ने बताया कि लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का अभी पता नहीं चल पाया है, क्योंकि शोरूम प्रबंधन स्टॉक का मिलान कर रहा है। स्टॉक का सत्यापन पूरा होने के बाद पुलिस लूट की सही रकम की जानकारी देगी।

घटना के बाद चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, एसपी कुमार गौतम और सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी बुलाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और विभिन्न स्थानों पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। बेतिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।