फतेहपुर जिले में 23 साल पुराने एक प्रधान हत्याकांड में अदालत ने 3 सगे भाइयों समेत 5 आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर-4 की जज चेतना चौहान ने बुधवार को फैसला सुनाया। कोर्ट ने सभी दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सभी आरोपियों को पुलिस कस्टडी में जेल भेज दिया गया है।

एडीजीसी रवि दत्त द्विवेदी के अनुसार, जाफरगंज थाना क्षेत्र के अरगल गांव के तत्कालीन प्रधान सभाजीत सिंह थे। उसी ग्राम पंचायत के मजरा अदिहा खेड़ा गांव के सगे भाई राकेश, राजेश और रमेश का उनसे प्रधानी की रंजिश थी। सभाजीत ने रामपुर गांव की एक विधवा महिला राजकुमारी का खेत बटाई पर लिया था, जिसमें गेहूं की फसल लगी थी।

9 मई 2003 की सुबह सभाजीत अपने पिता शिव गोपाल सिंह और छोटे भाई राजकुमार के साथ गेहूं थ्रेसर से मड़वाकर ट्रैक्टर में डलवा रहे थे। इसी दौरान तीनों भाई मनफूल और हीरालाल के साथ अवैध हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर खेत में पहुंचे और सभाजीत से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों की फायरिंग में शिव गोपाल को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रधान और उनका छोटा भाई बाल-बाल बच गए। आरोपी मौके से भाग निकले।

जाफरगंज थाने में हत्या के साथ अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया और जांच के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई। मामला करीब 23 वर्षों तक कोर्ट में चला, जिसमें अभियोजन पक्ष ने 7 गवाह पेश किए। कोर्ट ने साक्ष्यों और सबूतों के आधार पर पांचों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्र कैद और जुर्माने की सजा सुनाई।