केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने एकेडमिक ईयर 2026-27 के लिए हेरिटेज इंडिया क्विज के आयोजन की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। इस साल क्विज की मुख्य थीम 'भारत की खानपान संस्कृति' (Food Culture in India) रखी गई है। पेपर में 25 प्रतिशत प्रश्न खानपान संस्कृति से और 75 प्रतिशत प्रश्न भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित होंगे।
प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भाग ले सकते हैं। इसमें भारत के साथ-साथ अन्य देशों में स्थित CBSE से संबद्ध स्कूलों के छात्रों को भी शामिल होने का अवसर दिया गया है। हालांकि, छात्र व्यक्तिगत रूप से आवेदन नहीं कर सकेंगे। हर स्कूल को 3 छात्रों की एक टीम तैयार करनी होगी और स्कूल की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही टीम का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
परीक्षा में 60 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे और इसकी अवधि 50 मिनट होगी। रजिस्ट्रेशन फीस 1,500 रुपये प्रति टीम है। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में ऑनलाइन परीक्षा होगी, दूसरे चरण में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतियोगिता होगी, जिसके बाद चयनित टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल और फाइनल में हिस्सा लेंगी।
विजेता टीम को 25,000 रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी पुरस्कार दिया जाएगा। इच्छुक छात्र अपने स्कूल के प्रिंसिपल या क्विज प्रभारी शिक्षक से संपर्क कर सकते हैं। स्कूल अपने LOC लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके CBSE के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर टीम का रजिस्ट्रेशन करेगा। अधिक जानकारी के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर जा सकते हैं।
