शिलांग: मेघालय से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मंगलवार को बांग्लादेश के बॉर्डर गार्ड्स (BGB) ने बीएसएफ के एक जवान को हिरासत में लिया। रिपोर्ट के मुताबिक जवान गश्त के दौरान गलती से बांग्लादेश की सीमा में चला गया था। अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मेघालय के जोवाई इलाके के सामने बांग्लादेश के सिलहट जिले के गोवाईघाट उपजिला स्थित बिचानाकांडी बॉर्डर क्षेत्र में हुई। जवान अनजाने में सीमा पार कर करीब 200 मीटर बांग्लादेश के क्षेत्र में अंदर चला गया था।
अधिकारियों के मुताबिक जवान की वापसी सुनिश्चित करने के लिए फ्लैग मीटिंग की गई और उसे वापस लाया जा रहा है। बीएसएफ ने अभी तक इस घटना पर कोई बयान जारी नहीं किया है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें BGB के जवान और कुछ स्थानीय लोग भारतीय जवान के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जवान के पास वॉकी-टॉकी सेट, इंसास राइफल और एक पंप-एक्शन गन दिख रही है।
बता दें कि बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) बांग्लादेश की प्रमुख अर्धसैनिक सीमा सुरक्षा बल है, जो देश के गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। पहले भी पश्चिम बंगाल समेत भारत के दूसरे राज्यों में सीमा पर बाड़बंदी का काम तेज होने पर BGB और BSF के बीच तनाव की स्थिति बनी थी, जिसके बाद दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी।
भारत और बांग्लादेश के बीच कुल अंतरराष्ट्रीय सीमा 4,096.7 किलोमीटर लंबी है, जो भारत के पांच राज्यों से होकर गुजरती है। इसमें पश्चिम बंगाल में 2,217 किमी, त्रिपुरा में 856 किमी, मेघालय में 443 किमी, मिजोरम में 318 किमी और असम में 262 किमी बॉर्डर है।
