भोपाल के ईंटखेड़ी में चार से सात दिसंबर तक आयोजित होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। देहात आइजी रुचि वर्धन मिश्रा ने सीसीटीवी कैमरे लगाने और यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आयोजन का समापन सात दिसंबर को सामूहिक दुआ के साथ होगा।

आयोजन में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है, जिसके मद्देनजर भीड़ और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी वालेंटियर्स पर रहेगी। जानकारी के अनुसार, 15 हजार वालेंटियर्स यातायात व्यवस्था में और 20 हजार वालेंटियर्स भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व अन्य कार्यों में लगाए जाएंगे। इन सभी को यातायात पुलिस विशेष प्रशिक्षण देगी। अगले सप्ताह से विभिन्न क्षेत्रों से जमातों के पहुंचने का क्रम शुरू होने की संभावना है।

इज्तिमागाह परिसर में करीब 120 एकड़ क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसका ढांचा बन चुका है। आयोजन स्थल के पास लगभग 350 एकड़ में पार्किंग जोन विकसित किए जा रहे हैं, जहां छोटे, मध्यम और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। इंतजामिया कमेटी के प्रवक्ता उमर हफीज खान के मुताबिक, सफाई व अन्य कार्यों में लोग श्रमदान के जरिए भी जुड़ रहे हैं।

इस बार आयोजन को पर्यावरण के लिहाज से सधा रखने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी रहेगी और केवल पानी की बोतलों को छूट दी जाएगी। व्यवस्था के तहत गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करने, बचे भोजन से खाद बनाने और गंदे पानी के ट्रीटमेंट की योजना भी शामिल है।