भिंड जिले के मऊ थाने में तैनात टाउन इंस्पेक्टर रघुवीर मीणा पर आरोप लगा है कि उन्होंने जमीन विवाद की शिकायत लेकर आए एक फरियादी और उसके परिवार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और डंडों से पीटने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस के बर्ताव पर सवाल उठ रहे हैं। फरियादी को अब वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, फरियादी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर मऊ थाने पहुंचा था और उम्मीद कर रहा था कि मामला सुलझ जाएगा। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी रघुवीर मीणा ने आपा खो दिया और गालियां देने लगे। फरियादी का आरोप है कि टीआई ने उनके परिवार के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें डंडों से मारने की धमकी दी।

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि थाना प्रभारी परिवार को वीडियो दिखाते हुए उन्हें धमका रहे हैं और गालियां दे रहे हैं। परिवार को थाने में मदद की जगह धमकियां मिलने की बात कही जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े हो गए हैं और फरियादी वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

गौरतलब है कि भिंड से पहले मध्य प्रदेश के सिवनी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एएसपी दीपक मिश्रा एक कपल को धमकाते दिख रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने एएसपी दीपक मिश्रा को सस्पेंड कर दिया था। अब भिंड मामले में क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर है।