हरिद्वार के कलियर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम को सत्यापन अभियान के दौरान कलियर शरीफ मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास एक बुजुर्ग मिले, जो लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांग रहे थे। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना पता बिहार के औरंगाबाद जिले का बताया और कहा कि करीब दो साल पहले वह गांव के लोगों और परिवार के साथ प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गए थे, जहां वह अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। तब से वह अलग-अलग जगहों पर भटकते रहे।

पुलिस ने बुजुर्ग से मिली जानकारी के आधार पर बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया और परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस को बुजुर्ग के बेटे अंकित का पता चला और वीडियो कॉल के जरिए पिता और बेटे की बात कराई गई। स्क्रीन पर पिता को देखते ही अंकित भावुक हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पिता गांव के लोगों के साथ कुंभ स्नान करने गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार ने उनकी तलाश में काफी कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।

पिता के मिलने की खबर सुनकर अंकित हरिद्वार पहुंचे। वह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। कलियर में पिता को सामने देखते ही वह उनसे लिपटकर रो पड़े। दो साल बाद पिता-पुत्र के इस मिलन को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे और परिचितों के सुपुर्द कर दिया।

अंकित ने भावुक होते हुए कहा कि पिताजी को बिछड़े हुए लगभग दो साल हो गए थे और फरवरी में इस बिछड़ने के दो साल पूरे हो जाते। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया और कहा कि पुलिस बहुत अच्छा काम कर रही है। अंकित ने विशेष रूप से मुकेश सर का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने सिर्फ उनके पिता को ही नहीं मिलवाया, बल्कि उनकी मां, घर-परिवार और पूरे गांव-समाज को खुशी दी है। उन्होंने कहा कि जब वह ड्यूटी करते थे और कभी अकेले पोस्ट पर तैनात रहते थे, तब भी पिता के बारे में ही सोचते रहते थे कि वे कहां होंगे और किस हाल में होंगे। अंकित ने कहा कि आज पिता को वापस पाकर उन्हें बहुत सुकून मिला है।