लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आजाद समाज पार्टी (एएसपी) ने तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 34 विधानसभा क्षेत्रों के नए प्रभारियों की घोषणा की गई है, जिन्हें पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी माना जाता है। सूची में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं को तरजीह दी गई है। एएसपी इससे पहले 31 जुलाई को पहली और 21 सितंबर को दूसरी सूची जारी कर चुकी है।
तीसरी सूची में विनय रतन सिंह को मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सुरक्षित सीट से प्रभारी बनाया गया है, जबकि सहारनपुर की रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से कमल सिंह वालिया को लिस्ट में जगह दी गई है। अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा का प्रभारी जितेंद्र सिंह लोधी को बनाया गया है। आगरा साउथ का प्रभारी जावेद कुरैशी और आगरा नार्थ का प्रभारी अर्जुन दिवाकर को बनाया गया है।
उन्नाव की पुरवा सीट से राजू अंबेडकर और कन्नौज सुरक्षित सीट से सुनील दिवाकर को प्रभारी बनाया गया है। कानपुर देहात की बिल्हौर सुरक्षित सीट से अलका गौतम और कानपुर नगर की कल्याणपुर सीट से विष्णु कुमार सविता को प्रभारी बनाया गया है।
गौरतलब है कि बसपा में विधानसभा चुनाव प्रभारियों को ही आगे चलकर प्रत्याशी बनाने की परंपरा रही है। आजाद समाज पार्टी भी उसी तर्ज पर अपने विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति कर रही है ताकि उन्हें इलाके में तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। आगे चलकर इन प्रभारियों को प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान करने के बाद आजाद समाज पार्टी ने यह पहली सूची जारी की है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि यह मोर्चा यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी कितनी-कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
