अयोध्या में अक्षय नवमी पर 14 कोसी परिक्रमा तय मुहूर्त से पहले ही शुरू हो गई। परिक्रमा मंगलवार रात 1:21 बजे शुरू होनी थी, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही नंगे पांव आस्था की यात्रा पर निकल पड़े। नाका स्थित सिद्ध हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं ने धरती मां को प्रणाम किया। इसके बाद जय श्रीराम के उद्घोष और भजन-कीर्तन के बीच वे परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़े। इस बार करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।

रामबल्लभाकुंज मंदिर के महंत एवं राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य एवं निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि कार्तिक मास की अक्षय नवमी पर की गई परिक्रमा का पुण्य कभी नष्ट नहीं होता। इससे आत्मिक शुद्धि के साथ सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है।

चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अब 18 से 22 नवंबर तक श्रद्धालु रात 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। पहले रात 8:45 बजे मुख्य द्वार से प्रवेश बंद कर दिया जाता था। नई व्यवस्था के तहत रात 8:45 बजे भोग और संध्या आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे। इसके बाद रात 9:30 से 11 बजे तक दोबारा प्रवेश और दर्शन शुरू होंगे। न्यास के सीईओ जितेंद्र मिश्र ने इसकी जानकारी प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को दे दी है।

श्रीराम मंदिर परिसर में गोसदन का निर्माण शुरू हो गया है। गोसदन में शुरुआत में 8 से 10 देशी गायें रखी जाएंगी। इनके दूध, दही और घी से रामलला का पूजन, अभिषेक और भोग-प्रसाद बनेगा। स्थापना के उपलक्ष्य में मंगलवार दोपहर मंत्रोच्चार के साथ गोपूजन हुआ। इस मौके पर निर्मोही अखाड़े के महंत स्वामी दिनेंद्र दास महाराज, सीईओ जितेंद्र मिश्र, सचिव जगदीश आफले, अर्चक केशव शर्मा और आचार्य इंद्रदेव मिश्र मौजूद रहे।