लद्दाख में चीन से लगी संवेदनशील सीमा पर सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने संयुक्त रणनीति पर चर्चा की। मंगलवार को लेह में हुई इस बैठक में दोनों बलों के बीच बेहतर तालमेल, सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त सीमा प्रबंधन पर जोर दिया गया।

यह बैठक लेह स्थित फायर एंड फ्यूरी कोर मुख्यालय में हुई। इसमें 14वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे और आईटीबीपी पश्चिमी कमान के अतिरिक्त महानिदेशक राजेश कुमार शामिल हुए। अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और संवेदनशील सीमा पर आपसी तालमेल बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की।

बैठक में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, दोनों बलों के बीच कामकाज और सूचनाओं का बेहतर तालमेल बनाने तथा किसी भी परिस्थिति में मिलकर कार्रवाई करने की क्षमता बढ़ाने पर बात हुई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों बलों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मिलकर काम करने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

फायर एंड फ्यूरी कोर पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी संभालती है, जबकि उत्तरी कारगिल और द्रास क्षेत्रों में पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी इसकी भूमिका है। आईटीबीपी लद्दाख में चीन से लगी ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में निगरानी और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती है। बैठक में किसी नए हथियार, अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती या विशेष सैन्य अभियान की घोषणा नहीं की गई है।