लखनऊ: योगी सरकार विधानसभा चुनावों से पहले 'विकसित यूपी 2047' का रोडमैप लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लॉन्च करेंगे। रोडमैप लॉन्च होने के बाद प्रदेश को पूर्ण विकसित बनाने और अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक छह ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने की दिशा में काम शुरू होगा।
योजना के तहत अल्प अवधि में 2030 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर और मध्यम अवधि में 2036 तक दो ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। नियोजन विभाग ने नीति आयोग, विषय विशेषज्ञों, उद्योगपतियों, अर्थशास्त्रियों और आम जनता के सुझाव लेकर यह विजन डॉक्युमेंट तैयार किया है।
दस्तावेज में अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति को मुख्य थीम बनाया गया है। रोडमैप कृषि, पशुपालन, औद्योगिक विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन, नगर विकास, परिवहन, पर्यावरण और वन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास तथा सुरक्षा एवं सुशासन सहित कुल 12 सेक्टरों पर केंद्रित है। हर क्षेत्र में यूपी को नंबर एक पर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉक्युमेंट के अनुसार प्रदेश की मौजूदा आबादी 24.3 करोड़ है, जिसके 2047 तक 29 करोड़ होने का अनुमान है। वर्ष 2047 तक जीवन प्रत्याशा को 68 वर्ष से बढ़ाकर 80 वर्ष, शहरीकरण को 24.54 प्रतिशत से 60 प्रतिशत और साक्षरता दर को 67.68 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
